नवीन पालीवाल ने कहा कि बीजेपी को आम आदमी पार्टी रास नहीं आ रही है क्योंकि पहले तो दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने तीन बार से एमसीडी में पांव जमाए बैठी बीजेपी को उखाड़ने का काम किया औऱ उसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार दिल्ली सरकार के हक में सुना दिया।
जिससे बीजेपी और केंद्र सरकार बैखला गई है और दिल्ली की जनता द्वारा चुनी गई सरकार के अधिकारों को छीन रही है।
पालीवाल ने कहा कि बीजेपी और केंद्र सरकार तानाशाही के उस पायदान पर पहुंच गई है कि अब वो सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी नहीं मान रही है। केंद्र सरकार ने उस दिल्ली की जनता का अपमान किया है जिसने बीजेपी को 7 सांसद दिए हैं। आगामी चुनावों में केंद्र सरकार अपने इस कारनामे का अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
आप के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस बीजेपी ने हमेशा से लोगों को आपस में लड़ाकर सत्ता की कुर्सी हथियाई हो भला वो लोगों के हित में काम करना क्या जाने ?
लेकिन अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, पानी, फ्री बिजली जैसी सुविधाएं देकर देश की राजनीति को एक नई दिशा दी है।
नफरत फैलाने वाले दलों को जनता के हित में किए गए दिल्ली सरकार के ये काम रास नहीं आ रहे हैं इसलिए वो तानाशाही के ज़रिए दिल्ली सरकार के अधिकारों को छीन रहे हैं।दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल पर भरोसा जताया लेकिन केंद्र सरकार उसी दिल्ली सरकार को काम करने से रोक रही है।
इसका खामियाजा दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान समेत पूरे देश में बीजेपी को भुगतना पड़ेगा।
पालीवाल ने कहा कि बीजेपी अपने अधिकारों का दुरुपयोग दिल्ली में कर रही है लेकिन आगामी विधानसभा में जनता ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को बहुमत देने का मन बना लिया है। अब वो दिन दूर नहीं जब देश से एक अहंकारी सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी।