जयपुर | राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होते ही शीतलहर और कड़ाके की ठंड का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। बुधवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में उत्तरी हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। जयपुर, सीकर, पिलानी और चूरू जैसे शहरों में पारा करीब 4 डिग्री तक लुढ़क गया, जिससे ठिठुरन काफी बढ़ गई है। शेखावाटी अंचल में तो न्यूनतम तापमान अब सिंगल डिजिट में पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
फतेहपुर रहा सबसे ठंडा स्थान
मौसम विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में फतेहपुर (सीकर) राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य के अधिकांश हिस्सों में नमी का स्तर 20 से 60 प्रतिशत के बीच बना हुआ है। कोहरे की स्थिति की बात करें तो कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया है, जिससे सुबह के समय दृश्यता कम रही और यातायात की गति धीमी हुई।