जयपुर | राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह से ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। रुक-रुककर हो रही हल्की से मध्यम बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। करौली, सवाईमाधोपुर और कोटा जैसे जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, सवाईमाधोपुर, करौली, सीकर, भरतपुर, दौसा और जयपुर शहर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ ओलावृष्टि और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, जैसलमेर, बीकानेर, बूंदी, अलवर, नागौर, अजमेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, टोंक, बारां, कोटा, झुंझुनू, भीलवाड़ा, झालावाड़ और धौलपुर जिलों में येलो अलर्ट के तहत हल्की बारिश और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है।