आबू रोड़/ 27 सितम्बर 2025। राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने ब्रह्माकुमारीज़ के मीडिया विंग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन 2025 का शनिवार को विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, "किसी ने हमारी शांति बिगाड़ने की कोशिश की तो उसको भी छोड़ना नहीं।" राज्यपाल ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा समाज, धर्म और देश के लिए किए गए त्याग, तपस्या और समर्पण की सराहना की। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि विश्व में ब्रह्माकुमारीज़ जैसा महिलाओं का इतना बड़ा संगठन दूसरा नहीं मिलेगा।
राष्ट्रीय मीडिया कॉन्फ्रेंस के शुभारंभ अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी, मीडिया विंग के अध्यक्ष बीके करुणा भाई, प्रो डॉ मानसिंह परमार, प्रो संजय द्विवेदी और मीडिया विंग के राष्ट्रीय संयोजक बीके शांतनु सहित देश भर से आए पत्रकार उपस्थित रहे। शांतिवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल इस दिव्य आयोजन का साक्षी बना।
मीडिया की भूमिका और भारतीय संस्कृति का महत्व
अपने उदघाटन भाषण में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने समाज में शांति, एकता और विश्वास को बढ़ावा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की जड़ों को सींचकर सदा हरा रखने का कार्य करता है। राज्यपाल ने प्राचीन भारतीय लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए बताया कि हमारे यहां चंद्रगुप्त के राज्य में भी नगर पंचायत में 30 सदस्य चुनकर आते थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी और मजबूत होगा जब चुने हुए प्रतिनिधि जाति के आधार पर नहीं बल्कि विचार और देशहित के आधार पर चुनाव लड़ेंगे। मीडिया को इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए।