सीकर, राजस्थान। सीकर जिले में एक सांड को बोलेरो गाड़ी से जानबूझकर कुचलकर मारने वाले दो युवकों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना मंगलवार, 1 अक्टूबर की शाम नेछवा थाना इलाके में हुई थी, जिसके बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस से बचने के लिए इन युवकों ने एक अनोखा तरीका अपनाया था – वे महिलाओं के कपड़े पहनकर खेत में छिपे हुए थे।
महिलाओं के कपड़े में छिपे थे आरोपी
लक्ष्मणगढ़ डीएसपी दिलीप कुमार और नेछवा एसएचओ कृतिका सोनी ने बताया कि पुलिस ने सुजानगढ़ इलाके के एक खेत में दबिश देकर दोनों आरोपियों, शिवराज (26) निवासी नेछवा और प्रेमचंद (40) निवासी सुजानगढ़ को गिरफ्तार किया। घटना के बाद, ये दोनों आरोपी नेछवा से सुजानगढ़ भाग गए थे और वहां एक खेत में महिलाओं के कपड़े पहनकर छिप गए थे। उन्हें लगा था कि महिलाओं के कपड़े पहनने से वे पुलिस की नजरों से बच जाएंगे। हालांकि, पुलिस ने तकनीकी स्रोतों और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों को धर दबोचा।