सिरोही | सिरोही जिले के पाड़ीव गांव के समीप एक खेत में लगे बाड़ में पैंथर (लैपर्ड) फंस गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जब किसान खेत पर पहुंचे और पैंथर को बाड़ में फंसा देखा।
वन विभाग की टीम मौके पर
घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। आबूरोड के क्षेत्रीय वन अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि "हमने पैंथर को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उदयपुर और जोधपुर से विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया है।"
सिरोही के सदर थाना से सहायक उप निरीक्षक रमेश दान चारण और बरलूट थाना प्रभारी गोपाल लाल राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को नियंत्रित कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया।
पैंथर की घटनाएं बढ़ रही हैं
हाल ही में माउंट आबू में एक पैंथर के मानव बस्ती में घुसने और श्वान पर हमला करने की घटना ने लोगों को चिंतित कर दिया था। हालांकि, समय पर बचाव के कारण बड़ा हादसा टल गया।