सिरोही। भाजपा नेता जगसीराम कोली के किराए पर दिए खेत में अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। राजस्थान के सिरोही जिले में पुलिस ने अवैध ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 23 सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जिनके तार गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान से जुड़े बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि यह खेत जगसीराम कोली ने उदयपुर के एक व्यक्ति को किराए पर दिया हुआ था। दूसरी ओर कांग्रेस इस पर हमलावर है।
आधी रात खेत में पुलिस की बड़ी रेड
जानकारी के अनुसार, जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक राजेश मीणा के निर्देश और सिरोही पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेवदर क्षेत्र में एक खेत को किराए पर लेकर वहां ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह और वृताधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आधी रात को रेवदर क्षेत्र के एक खेत में बने मकान पर छापा मारकर 23 जुआरियों को मौके से पकड़ लिया।