श्रीगंगानगर | दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित सफर-ए-शहादत के इन पावन दिनों में श्रीगंगानगर में विशेष सेवा कार्य किए जा रहे हैं। तेरा खालसा फाउंडेशन की ओर से शहर के रिद्धि-सिद्धि मॉल के बाहर दस्तारां दा लंगर लगाया गया। इस दौरान सेवादारों ने वहां से गुजरने वाले सिख श्रद्धालुओं और युवाओं के सिरों पर सलीके से दस्तार सजाई। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता फैलाना है।
शहादत के सफर को समर्पित सेवा
फाउंडेशन के संस्थापक चरणजीत सिंह ने बताया कि चार साहिबजादों की शहादत का यह समय सिख इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पवित्र सफर को समर्पित करते हुए फाउंडेशन हर साल दस्तारों का लंगर आयोजित करता है। इसके साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के लिए चाय और दूध का लंगर भी लगाया जाता है ताकि कड़ाके की ठंड में लोगों को राहत मिल सके।