वॉशिंगटन | अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बनाने की अपनी पुरानी इच्छा को फिर से दोहराया है। ट्रंप ने समय-समय पर इस स्वायत्तशासी द्वीप को खरीदने या उस पर नियंत्रण हासिल करने की बात कही है।
ग्रीनलैंडवासियों ने प्रस्ताव ठुकराया
ग्रीनलैंड के लोगों ने ट्रंप के इस विचार का कड़ा विरोध करते हुए इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया है। वहां के निवासियों का कहना है कि ग्रीनलैंड की कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती है। पत्रकारों से बातचीत में स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि वे बिकाऊ नहीं हैं और उनकी जमीन का सौदा नहीं हो सकता। उन्होंने इसे अपने पूर्वजों की परंपरा और अपनी पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया है। द्वीप के कई नागरिक अब ग्रीनलैंड की पूर्ण आजादी का सपना देख रहे हैं। हालांकि वे स्वीकार करते हैं कि वर्तमान में वे इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं लेकिन भविष्य में स्वतंत्र होना चाहते हैं।