जैसलमेर। राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, जैसलमेर जिले के लक्ष्मणसर गाँव, पोस्ट डांगरी, तहसील फतेहगढ़ में एमआरएस ग्रीन एनर्जी ने प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (PM-KUSUM) के अंतर्गत 2 मेगावाट एसी ग्रिड कनेक्टेड सोलर पीवी प्लांट स्थापित किया है। इस सौर ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन आज सुबह 9:30 बजे होगा।
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक भी पेड़ नहीं काटा गया, बल्कि इसके विपरीत आने वाले समय में सैकड़ों स्वदेशी प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। यह कदम न केवल अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देगा, बल्कि जैसलमेर के शुष्क क्षेत्र में पारिस्थितिकी तंत्र के पुनर्जीवन में भी योगदान देगा।
परियोजना का संचालन एमआरएस ग्रीन एनर्जी के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सामाजिक उद्यमी राघवेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में किया जा रहा है। वहीं, यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन (UGPF) की सहभागिता से लक्ष्मणसर गाँव में आज से वृक्षारोपण अभियान की भी शुरुआत की गई।
