जालोर, 19 अप्रैल | जालोर-सिरोही लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को चुनाव होना है। कांग्रेस उम्मीदवार वैभव गहलोत लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं।
शुक्रवार को उन्होंने जालोर विधानसभा क्षेत्र के सांफाडा, केशवाना, आलासन, रेवतड़ा, विराना, सायला, चौराऊ, सुराणा, तिलोडा, दादाल, नारवाडा, खेतलावास, आलवाडा, दुदवा, आकावा, सांगाणा, तेजा की बरी, सिराणा, चोचूवा फाटा सहित 40 से अधिक गांवों के लोगों से मुलाकात और संवाद किया।
लोगों ने उन्हें खूब प्यार और सम्मान दिया। ग्रामीणों ने हाथों में तरक्की एक्सप्रेस का मैनिफेस्टो लेकर वैभव को समर्थन दिया। आमजन ने वैभव से कहा कि वह जालोर, सांचौर और सिरोही के विकास के लिए तरक्की एक्सप्रेस में हमसफर बनेंगे और वैभव गहलोत को वोट देंगे। इस दौरान जालोर के गांव रेवतड़ा में वैभव गहलोत ने हनुमान जी मंदिर में दर्शनलाभ भी लिया।
भाजपा सांसदों ने नहीं समझी पीड़ा, मैं आपके दुख-दर्द का साथी बनूंगा: वैभव
जनसंपर्क के दौरान वैभव गहलोत ने कहा कि भाजपा के सांसदों ने जालोर-सिरोही के निवासियों और प्रवासियों की पीड़ा नहीं समझी। इनकी मांग पानी, शिक्षा, ट्रेन व हवाई कनेक्टिविटी की है, लेकिन भाजपा सांसद 20 साल आंखें मूंद बैठे रहे और यहां की जनता की उपेक्षा की। वैभव ने कहा कि प्रवासियों की पीड़ा को मैं समझता हूं और सांसद बनते ही संसद में इस मामले को उठाऊंगा और रेल चलवा कर ही दम लूंगा।
