अजमेर। अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के स्वराज सभागार में यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में शिक्षा के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार प्रस्तुत किए और उपयोगी जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, राजस्थान सरकार के पूर्व अतिरिक्त शिक्षा सचिव श्याम सुंदर अग्रवाल ने शिक्षा के महत्व और उसकी उपादेयता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन समाज जागरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के चेयरमैन मेघराज सिंह रॉयल ने की।

विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. लोकेश शेखावत ने विश्वविद्यालयों के मौजूदा हालात पर अपनी बात रखते हुए शिक्षकों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने राजस्थान की ऐतिहासिक महिलाएं मीरांबाई, पन्नाधाय और हाड़ी रानी का जिक्र करते हुए शिक्षा और इतिहास के समन्वय पर प्रकाश डाला।


