जयपुर, 30 मई। नौतपा के दौरान भीषण गर्मी से परेशान राजस्थानवासियों को आगामी सप्ताह में राहत मिलने के संकेत मिले हैं। मौसम केंद्र ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज अंधड़, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
19 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट: नौतपा के बीच राजस्थान में मौसम ने ली करवट
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव जून के प्रथम सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है।
HIGHLIGHTS
- मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, खुले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।
संबंधित खबरें
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के उत्तरी, पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव जून के प्रथम सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है।
शनिवार सुबह 3:30 बजे जारी मौसम अपडेट के अनुसार जोधपुर, पाली, राजसमंद, उदयपुर, सलूम्बर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, ब्यावर, नागौर, अजमेर, कोटा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, टोंक, जयपुर, डीडवाना-कुचामन, झालावाड़ और बारां जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, गरज-चमक, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, धूलभरी आंधी, ओलावृष्टि तथा हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सवाई माधोपुर, दौसा, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, चूरू, बीकानेर, फलोदी, बालोतरा, जालोर, सिरोही, करौली तथा झुंझुनूं जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उधर शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर, झुंझुनूं, गंगापुर सिटी, धौलपुर, भरतपुर, सीकर, अलवर और बीकानेर सहित कई जिलों में आंधी, मेघगर्जन, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में शाम के समय 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जेएलएन मार्ग, शास्त्री नगर, सिविल लाइंस, झोटवाड़ा, सी-स्कीम, जवाहर नगर, सोडाला और वैशाली नगर सहित कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे।
संबंधित खबरें
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, खुले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।