महाराष्ट्र: उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती प्लेन क्रैश में मौत, 5 लोगों ने गंवाई जान
बारामती में लैंडिंग के दौरान क्रैश हुआ विमान, डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत।
बारामती | महाराष्ट्र की राजनीति से एक अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाली खबर सामने आई है। राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस हृदयविदारक घटना की पुष्टि की है। इस विमान हादसे में अजित पवार के साथ सवार चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई है।
कैसे हुआ यह भीषण हादसा?
विमानन विभाग की ओर से जारी 'अकरेंस रिपोर्ट' के मुताबिक, ऑपरेटर VSR का लियरजेट 45 विमान (रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK) सुबह करीब 8:00 बजे मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुआ था। जब विमान सुबह 8:45 बजे बारामती में लैंड करने वाला था, तभी पायलट ने नियंत्रण खो दिया और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर मलबे के साथ आग की लपटें और धुएं का गुबार देखा गया। स्थानीय निवासियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, जिसके बाद प्रशासन और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
हादसे में कोई जीवित नहीं बचा
विमान में अजित पवार के अलावा उनके एक निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO), एक अटेंडेंट और दो चालक दल के सदस्य (पायलट और फर्स्ट ऑफिसर) मौजूद थे। प्रशासन ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है। अजित पवार अपने गृह क्षेत्र बारामती में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के सिलसिले में आयोजित चार जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे। इस खबर के बाद उनके परिवार में शोक की लहर है। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार, पुत्र पार्थ पवार और सांसद सुप्रिया सुले दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो चुके हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई और सुरक्षा अलर्ट
पुणे के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीन शवों को बारामती मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है और पहचान की प्रक्रिया जारी है। DGCA की विशेष टीम दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या खराब मौसम की वजह से। इस बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनकी 'ढोकी' में होने वाली जनसभा का स्थान बदलकर 'सांजा' कर दिया गया है। कांग्रेस नेता नितिन राउत ने इस पूरे प्रकरण की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है।