जयपुर: लेखिका विजयलक्ष्मी की ‘फर्श से अर्श की ओर’ पुस्तक का विमोचन

फर्श से अर्श की ओर” युवाओं को संघर्ष, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है।

जयपुर। लेखिका विजयलक्ष्मी की प्रेरणादायक कृति “फर्श से अर्श की ओर” का भव्य विमोचन समारोह श्री संघ शक्ति भवन, जयपुर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही, जिससे समारोह अत्यंत प्रेरणादायक और उत्साहपूर्ण बन गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर ग्रामीण सांसद श्री राव राजेन्द्र सिंह  उपस्थित रहे। उनके साथ महावीर सिंह सरवड़ी, रामसिंह चंदलाई (अध्यक्ष, राजपूत सभा), भूपेंद्र सिंह सावर, दातार सिंह बधाल, उत्तम सिंह  शेखावत, गणपत सिंह, मनीषा सिंह तथा मधु शेखावत सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

लेखिका की यह पुस्तक एक बेटी की अपने पिता के प्रति गहरी भावनाओं, सम्मान और प्रेरणा की कहानी को प्रस्तुत करती है। “फर्श से अर्श की ओर” युवाओं को संघर्ष, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है।

समारोह का विशेष आकर्षण जय भवानी मातृशक्ति तलवारबाजी टीम की 70 बेटियों द्वारा प्रस्तुत भव्य तलवारबाजी प्रदर्शन रहा, जिसने उपस्थित दर्शकों में उत्साह और ऊर्जा का संचार कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में विजयलक्ष्मी  ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास ही उनकी लेखनी की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

उन्होंने अपने संदेश में कहा —
“फर्श से अर्श तक की हर यात्रा, विश्वास और हौसले से ही पूरी होती है।”