राजस्थान | भीनमाल क्षेत्र की खानपुर ग्राम पंचायत के राजस्व गांव भादरड़ा में शुक्रवार को ग्रामीणों ने जन समस्याओं को लेकर एकत्रित होकर पंचायत के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने गांव में पेयजल, कचरा निस्तारण और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी हो रही है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण जितेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में बने जीएलआर (ग्राउंड लेवल रिजर्वायर) में काफी समय से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा डाली गई सीवरेज पाइपलाइन का कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे गांव में गंदगी फैल रही है। वहीं गांव के सरकारी स्कूल के पास कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे वहां पढ़ने वाले छात्रों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में केवल दो सफाई कर्मी होने के कारण नियमित साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में कचरा निस्तारण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
इस संबंध में ग्राम सेवक रणवीर सिंह ने बताया कि सीवरेज लाइन का अधूरा कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा। साथ ही गांव में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त स्टाफ लगाने का भी प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव की समस्याओं का जल्द और स्थायी समाधान करने की मांग की है।
Copyright © 2024 thinQ360 - All Rights Reserved.