अजमेर। अजमेर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक शुक्रवार को मंडल कार्यालय, अजमेर में मंडल रेल प्रबंधक एवं समिति के अध्यक्ष राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अजमेर मंडल के विभिन्न व्यापारिक एवं यात्री संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा रेल मंत्रालय द्वारा नामित सदस्यों ने भाग लेकर रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार पर हुआ मंथन: अजमेर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न
संबंधित खबरें
बैठक की शुरुआत समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने सभी सदस्यों के स्वागत के साथ की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अजमेर मंडल में संचालित विशेष एवं वाणिज्यिक गतिविधियों तथा हाल की उपलब्धियों की जानकारी दी।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मंडल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इनमें प्रमुख रूप से रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और विस्तार, नई ट्रेनों का संचालन, मौजूदा रेल सेवाओं में वृद्धि, अतिरिक्त कोच लगाए जाने, लिफ्ट एवं एस्केलेटर की सुविधा, टिकट वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने, रोड ओवर ब्रिज (ROB) और रोड अंडर ब्रिज (RUB) के निर्माण, प्लेटफॉर्म शेल्टर का विस्तार, अतिरिक्त टिकट खिड़कियां खोलने तथा पेयजल की बेहतर व्यवस्था जैसी मांगें शामिल रहीं।
समिति अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में मसूदा, ब्यावर, सुमेरपुर-जवाई बांध, फालना, भीलवाड़ा और उदयपुर क्षेत्र से समिति के छह सदस्यों ने भाग लिया। इनमें आर.के. जैन (मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भीलवाड़ा), राकेश कसेरा (भीलवाड़ा), पवन तालेसरा (उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स), प्रमोद कुमार झंवर (मारुति सेवा समिति, उदयपुर), ओमप्रकाश पालीवाल (सांसद उदयपुर के प्रतिनिधि) तथा श्याम अग्रवाल (सांसद जालौर के प्रतिनिधि, सुमेरपुर-जवाई बांध) उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
रेल प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, मंडल के सभी शाखाधिकारी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक अशोक कुमार मीणा, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।