जालोर: रामसीन थाना क्षेत्र के मांडोली गांव में किराणा व्यवसाई गणपत सिंह की हत्या के मामले में अब तक खुलासा न होने से जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। गणपत सिंह की हत्या को लम्बा समय बीत गया है। लेकिन पुलिस प्रशासन अब तक आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रहा है। इस मामले में सर्व समाज के लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराज हैं और क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
प्रशासन की सुस्ती के विरोध में आज जालोर—सिरोही लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न संगठनों ने मिलकर एक बड़े धरना प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय नेताओं और गणमान्य लोगों की अगुवाई में यह प्रदर्शन जालोर में आयोजित होगा। जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदर्शन को लेकर व्यापक जनजागृति अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होने की उम्मीद है।

लोगों का कहना है कि पुलिस को मिले सुरागों और सबूतों के बावजूद मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वे हत्यारों को पकड़ने के लिए गंभीरता से जांच नहीं कर रहे हैं। सर्व समाज ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो जिला स्तर पर और भी बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। लोग इस मामले में राजनीति का भी आरोप भी लगा रहे हैं।
