सिरोही | गोयली चौराया व्यापार मंडल की ओर से 11वें गणेश महोत्सव के अंतर्गत भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सोमवार की संध्या को पंडित महेंद्र व्यास के सानिध्य में संध्या कालीन महाआरती और 56 भोग का आयोजन हुआ। महाआरती के बाद खीर एवं प्रसाद भक्तों को वितरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा सिरोही के पूर्व महामंत्री वीरेंद्र सिंह चौहान उपस्थित रहे।
मंगलवार को गणेश प्रतिमा का भव्य जुलूस गोयली चौराहा से शुरू होकर अहिंसा सर्किल, पैलेस रोड, सरजवाब गेट, सदर बाजार, बस स्टैंड रोड, जेल चौराहा होते हुए पुनः गोयली चौराहा पहुंचा और वहां से आगे कमेरी डैम में गणपति विसर्जन किया गया।

जुलूस में डीजे साउंड, ढोल, आतिशबाजी और झांकियों के साथ सैकड़ों महिला-पुरुष, बच्चे और व्यापारी भक्तगण नाचते-गाते हुए शामिल हुए। सरजवाब गेट पर सिरोही व्यापार महासंघ अध्यक्ष भरत माली एवं सचिव मोहनलाल माली के नेतृत्व में पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया गया।

