• आपदा में अवकाश पर गए चिकित्सकों पर कार्रवाई संभव
सिरोही. सिरोही दौरे पर आए प्रभारी सचिव इंद्रजीतसिंह ने यहां पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सरकार के जितने भी आदेश होते हैं वे किसी न किसी परिपेक्ष्य में होते हैं। इनकी अवहेलना करने वालों पर जो भी विधिवत कार्रवाई करनी होगी उसे किया जाएगा। वे जिला अस्पताल में आपदा के दौरान अवकाश रद्द होने पर मेडिकल लीव लेकर गए चिकित्सकों पर की जाने वाली कार्रवाई को लेकर बता रहे थे। प्रभारी सचिव से पूछा गया कि आपदा के दौरान जब कार्मिकों के अवकाश रद्द किए गए तो जिला अस्पताल के तीन चिकित्सक मेडिकल लीव लेकर चले गए। इन पर क्या कार्रवाई की गई। इस पर प्रभारी सचिव का कहना रहा कि इस सम्बंध में वे जिला कलक्टर से भी बात करेंगे।
चिकित्सकों के नदारद रहने का मामला
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों भारत-पाक के बीच तनाव को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने सभी कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी थी। साथ ही अलर्ट मोड में रहने के आदेश जारी किए, लेकिन जिला अस्पताल में लम्बे समय से अनुपस्थित चल रहे छह चिकित्सक काम पर नहीं लौटे। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने उस समय भी यही कहा था कि इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।
एक्शन क्या हुआ, कोई जानकारी नहीं
आपदा के दौरान अवकाश रद्द किए गए तो जिला अस्पताल के तीन चिकित्सक अलग-अलग समयावधि के लिए मेडिकल लीव पर जाना बताया गया। इस बारे में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने यह भी बताया था कि इन चिकित्सकों के मेडिकल लीव की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित करने के आदेश दिए गए है, लेकिन इनके विरुद्ध क्या एक्शन हुआ कोई जानकारी नहीं है।