सांचौर, 3 फरवरी 2025 | सांचौर जिला बचाओ संघर्ष समिति का धरना आज 37वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान हाडेतर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सांचौर उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघर्ष समिति द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, संघर्ष समिति सांचौर जिले की पुनः बहाली की मांग को लेकर लगातार धरने पर डटी हुई है। पूर्व राज्यमंत्री सुखराम बिश्नोई ने इस मौके पर कहा कि सांचौर जिला जालोर जिले से 145 किलोमीटर दूर स्थित है, और अंतिम गांव आकोड़िंया रणखार करीब 250 किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में जिला मुख्यालय की सुविधा आमजन के लिए अत्यंत आवश्यक थी। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्तमान सरकार ने किन आधारों पर सांचौर जिले को निरस्त किया, इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि सांचौर जिला बनने से आमजन के कार्य सुगमता से निपटाए जा रहे थे और आर्थिक बोझ भी कम था। वर्तमान सरकार द्वारा जिले को निरस्त करना न्यायोचित नहीं है। उन्होंने बताया कि संघर्ष समिति ने पूरे तथ्यों और प्रमाणों के साथ न्यायालय में याचिका दायर की है और इस मामले का न्यायिक निस्तारण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय को पहले बंद कर पुनः खोले जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक सांचौर को जिला घोषित नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।

