सिरोही। राज्य के आपदा प्रबंधन एवं पंचायतीराज मंत्री ओटाराम देवासी के शिवगंज में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम मेें पूर्व विधायक संयम लोढा पर लगाए गए आरोपों का प्रतिकार करते हुए यूथ कांग्रेस ने मोर्चा खोला है। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रकाशराज मीना ने यहां बयान जारी कर कहा कि यदि राज्यमंत्री संस्कारों की बात करते है तो उन्हें याद करना चाहिए कि छह वर्ष पर्व उन्होंने अपनी ही पार्टी की जिला प्रमुख के लिए किस तरह के अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। यह मामला आज भी न्यायालय में विचाराधीन है।
मीना ने राज्यमंत्री ओटाराम देवासी पर आरोप लगाया कि हमारी लड़ाई उनके द्वारा समाज में फैलाए जा रहे अंधविश्वास को लेकर है। कांग्रेस ने हमेशा से अंधविश्वास के खिलाफ लडाई लडी है। ओटाराम देवासी सरकार में राज्यमंत्री के पद पर होते हुए भी अपने आप को भोपा बताकर उपचार के नाम पर लोगों में अंधविश्वास फैलाने का कार्य कर रहे है।
मीना ने कहा कि लोढा ने सिरोही में जो बयान जारी किया था उसका आशय यह था कि जब कोई व्यक्ति बीमार अथवा गंभीर बीमार होता है तो उसे अस्पताल जाना ही पडता है। उन्हें भी जब हार्टअटैक आया तो जयपुर अस्पताल में भर्ती होना पडा। यदि दैवीय शक्ति उनके पास है तो उन्हें अस्पताल जाने की जरुरत ही क्या थी।
मीना ने कहा कि हम लोगों के जीवन में वैज्ञानिक चेतना पैदा करने के लिए कार्य कर रहे है। अंधविश्वास के खिलाफ हमने पूरी जिंदगी समर्पित की है और यह कार्य आगे भी करते रहेंगे।