सिरोही | शहर के दशहरा मैदान में मंगलवार शाम को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम ने 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया, जिसके साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों को भी अग्नि भेंट की गई। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी दशहरा मैदान पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत में भगवान श्रीराम, लक्ष्मणजी और हनुमानजी महाराज रथ पर सवार होकर राम झरोखा मैदान से रवाना हुए। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए जब यह दल दशहरा मैदान पहुंचा, तो श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कई लोगों ने भगवान के स्वरूपों के साथ सेल्फी लेकर इन पलों को यादगार बनाया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन भी मंडराता हुआ नजर आया, जिससे सुरक्षा और व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही थी।
भव्य पुतले और आतिशबाजी
नगर परिषद द्वारा इस वर्ष 60 फीट ऊंचे रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के आकर्षक पुतले तैयार करवाए गए थे। इन पुतलों के निर्माण पर 2,45,000 रुपए का टेंडर दिया गया था। इसके अतिरिक्त, दर्शकों के मनोरंजन के लिए शानदार आतिशबाजी का भी प्रबंध किया गया था, जिस पर चार लाख रुपए का अलग से ठेका किया गया था। आतिशबाजी की चमक ने पूरे मैदान को रोशन कर दिया, जिससे उत्सव का माहौल और भी जीवंत हो उठा।