जालोर-सिरोही। सांसद लुम्बाराम चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है और उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी क्षेत्रीय जनता की मांगों को प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल पूरी करेंगे। लुम्बाराम चौधरी 16-18 अक्टूबर को अबू रोड पर एक कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने पर चर्चा की जाएगी। इसमें युवाओं, मजदूरों और किसानों का प्रतिनिधित्व भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सिरोही जिले के शहरों के नाम अंग्रेजी में हैं, जैसे आबू रोड और माउंट आबू। लुम्बाराम ने कहा कि माउंट आबू का नाम अंग्रेजों के समय का है और इसे बदलकर 'आबू राज' करने की उनकी मंशा है। माउंट आबू का नाम बदलने के लिए वह पूरी कोशिश करेंगे। साथ ही उन्होंने सिरोही को "देवभूमि" भी कहा।
लुम्बाराम ने लोकसभा में राजस्थान के लोगों के बीच अपने लोकप्रियता का जिक्र करते हुए बताया कि प्रवासियों की सबसे बड़ी समस्या रेलवे है और वह कोशिश करेंगे कि उनके लिए डायरेक्ट ट्रेन की व्यवस्था हो सके। उन्होंने कहा कि वह एक साधारण कार्यकर्ता हैं और सांसद बनने के बाद उनमें कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने अब तक अपने परिवार को दिल्ली भी नहीं दिखाया है।
उन्होंने बताया कि वह हाल ही में हरियाणा चुनाव प्रचार के लिए गए थे और सदस्यता अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने के प्रयास में लगे हुए हैं। उनका कहना है कि पहले भी भाजपा सबसे आगे थी और अब भी सबसे आगे रहेगी।