सिरोही: एक ही फंदे पर झूले दो विवाहित: सिरोही के रोवाड़ा में सनसनी: बंद मकान में एक ही फंदे पर लटके मिले दो विवाहितों के शव
सिरोही के रोवाड़ा गांव में दो विवाहितों ने एक ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शवों को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिरोही | राजस्थान के सिरोही जिले के रोवाड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो विवाहितों ने एक ही फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। शिवगंज तहसील के कैलाश नगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोसालिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और अब परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी देते हुए शिवगंज डीएसपी पुष्पेंद्र वर्मा ने बताया कि कैलाश नगर पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि रोवाड़ा गांव के एक बंद मकान में लड़का और लड़की की लाश फंदे से लटक रही है। सूचना मिलते ही कैलाश नगर थाना अधिकारी ओम प्रकाश अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाया, तो अंदर का नजारा बेहद दुखद था—युवक और युवती एक ही फंदे से लटके हुए थे।
पुलिस ने जब मृतकों के बारे में जानकारी जुटाई, तो पता चला कि मृतक युवक शिवगंज के बड़गांव निवासी किशन नाथ उम्र 30 साल था, जो फगलू नाथ का पुत्र है। वहीं, युवती की पहचान केसरगंज, पिंडवाड़ा निवासी हंजा कुमारी उम्र 28 साल के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि हंजा कुमारी पिछले कई दिनों से लापता थी। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 16 जनवरी को पिंडवाड़ा थाने में दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, जिस मकान में उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया, उस घर के मालिक अपने परिवार के साथ किसी काम से बाहर गए हुए थे। सूने मकान को देखकर दोनों ने अंदर जाकर फांसी लगा ली। थानाधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके अस्पताल पहुंचने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई और पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।