जयपुर | भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने राजस्थान में सूक्ष्म/लघु कारोबारी इकाइयों को वित्तीय सहायता एवं रोजगार सृजन के संबंध में राज्यसभा में सवाल उठाया है।
राठौड़ ने केंद्र सरकार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि सूक्ष्म/लघु कारोबारी इकाइयों को ऋण सुविधा में बढ़ोतरी करना आत्म निर्भर भारत के लिए अच्छी पहल है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के राज्यसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अपने लिखित जवाब में संसद को जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का शुभारंभ दिनांक 08.04.2015 को कर सूक्ष्म/लघु उद्यमियों को आधारभूत वित्तीय सुविधा उपलब्ध करवाई।
इस योजना के अंतर्गत ऋण, तीन ऋण उत्पादों शिशु (50,000 रुपए तक के ऋण), किशोर (50,000 रुपए से अधिक और 5 लाख रुपए तक के ऋण) और तरुण (5 लाख रुपए से अधिक और 10 लाख रुपए तक के ऋण) के अंतर्गत कृषि संबद्ध कार्यकलापों सहित विनिर्माण, व्यापार, सेवा संबंधी क्षेत्र में आय सृजन कार्यकलापों के लिए दिए जाते हैं, जिससे आत्म निर्भर भारत का सपना साकार हो सके।