thinQ360
thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 🌺 ज़िंदगानी 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 💡 मनचाही ▶️ YouTube
राजस्थान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, सचिवालय जनता की भावनाओं का केन्द्र

thinQ360 thinQ360

राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को शासन सचिवालय में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि सचिवालय राजस्थान की जनता की भावनाओं, इच्छाओं और उम्मीदों का मुख्य केन्द्र है।

HIGHLIGHTS

  1. 1 मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय में कार्य करने वालों के लिए यह गर्व की बात होनी चाहिए कि वे इस महत्वपूर्ण संस्थान का हिस्सा हैं। राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और वर्ष 2024-25 में राजस्थान सचिवालय सेवा की विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक निर्धारित समय पर आयोजित कर 92 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है।
chief minister bhajan lal sharma said secretariat is the center of public sentiments
Bhajan Lal Sharma

जयपुर, 28 जून 2024: राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को शासन सचिवालय में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि सचिवालय राजस्थान की जनता की भावनाओं, इच्छाओं और उम्मीदों का मुख्य केन्द्र है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, कार्यक्रमों और निर्णयों को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने में यहां के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को आगे बढ़ाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नवगठित कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवगठित कार्यकारिणी द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक विचार करेगी। इससे पूर्व श्री शर्मा ने सचिवालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

कर्मचारी कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय में कार्य करने वालों के लिए यह गर्व की बात होनी चाहिए कि वे इस महत्वपूर्ण संस्थान का हिस्सा हैं। राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और वर्ष 2024-25 में राजस्थान सचिवालय सेवा की विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक निर्धारित समय पर आयोजित कर 92 अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है।

सचिवालय में आधारभूत ढांचों के विकास के लिए हर संभव मदद

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में आधारभूत ढांचों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि इससे अधिकारी और कर्मचारी स्वच्छ एवं सुगम कार्यस्थल पर काम कर पाएंगे। इसी क्रम में बहुमंजिला मुख्य सचिव ब्लॉक, नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक के निर्माण के लिए 275 करोड़ रुपये की स्वीकृतियां जारी की गई हैं। 70 करोड़ की लागत से नॉर्थ ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। सचिवालय परिसर स्थित मुख्य भवन, खाद्य भवन और उत्तरी-पश्चिमी भवन को पूरी तरह वातानुकूलित बनाने के लिए 16 करोड़ 86 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की जा चुकी है।

सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता से जनता के कार्य करें

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकारी नौकरी केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि समाज को योगदान देने का एक अवसर है। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए और उनका जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए। शर्मा ने कहा कि राज्य कार्य में तेजी लाने के लिए सभी विभाग ई-फाइलिंग के जरिये पेपरलेस वर्क की दिशा में प्रशंसनीय कार्य कर रहे हैं।

नवाचारों को अपनाकर कार्यकुशलता में वृद्धि करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण से नवाचारों को अपनाना चाहिए जिससे कार्यकुशलता में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ कौशल का विकास आवश्यक है। राज्य सरकार प्रशासनिक सुधारों पर बल दे रही है और ई-गवर्नेंस को बढ़ावा दिया जा रहा है। श्री शर्मा ने अधिकारी-कर्मचारियों को नई तकनीक सीखने और अपनाने के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।

समारोह में प्रमुख अधिकारी उपस्थित

मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि सचिवालय में कार्य कर रहे कर्मचारी राज्य सरकार की रीढ़ हैं। राज्य सरकार के जनकल्याणकारी कार्य कर्मचारियों की मेहनत और लगन से पूरे होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजकीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सकारात्मक परिवर्तन आया है और फाइलें अब तेजी से निस्तारित हो रही हैं। सचिवालय कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष बुद्धिप्रकाश शर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया एवं नवगठित कार्यकारिणी की घोषणा की। समारोह में प्रमुख शासन सचिव कार्मिक हेमन्त गेरा, संयुक्त शासन सचिव कार्मिक कनिष्क कटारिया, सचिवालय अधिकारी एवं कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

शेयर करें: