जयपुर | राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की राजपूत समुदाय के नेताओं के साथ हालिया मुलाकात ने राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में उभरते समीकरणों के बारे में राजनीतिक चर्चा और अटकलों को हवा दे दी है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को राजपूत समाज के सबसे बड़े संगठन क्षत्रिय युवक संघ के कार्यालय पहुंचकर संरक्षक भगवान सिंह रोलसाहबसर से मुलाकात की। इस दौरान प्रताप फाउण्डेशन के संयोजक महावीर सिंह सरवड़ी भी मौजूद रहे।
क्षत्रिय युवक संघ ने 28 जनवरी को ही दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में तन सिंह जन्म शताब्दी समारोह के नाम पर एक बड़ी रैली की थी। इस रैली में सम्बोधित करते हुए महावीर सिंह सरवड़ी ने राजपूत समाज की राजनीतिक उपेक्षा का आरोप लगाया था।
उन्होंने बीजेपी—कांग्रेस दोनों ही पार्टियों पर राजपूतों के टिकटों में कटौती करने पर रोष प्रकट किया था। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी भी रैली में मौजूद थे। इस बड़े आयोजन के बाद सीएम भजनलाल शर्मा का राजपूत समाज के नेताओं से मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।