जयपुर, 30 जून: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा टोंक में आयोजित एक राजकीय समारोह में 65 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि योजना के तहत राशि जारी करने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
डोटासरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों से प्रति वर्ष ₹12,000 की सम्मान निधि देने का वादा किया था, जिसे हाल ही में घटाकर ₹8,000 कर दिया गया है। इसके बावजूद, केवल ₹1,000 की राशि ही किसानों को प्रदान की गई है, जो कि भाजपा की वादा खिलाफी को दर्शाता है।
गोविंद सिंह डोटासरा ने आगे कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में गेहूं के समर्थन मूल्य पर ₹300 बोनस देने का वादा किया था, जिसे भी निभाया नहीं गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले किसानों के कर्ज को माफ करने के कई बयान दिए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद एक पैसा भी माफ नहीं किया। इसके बजाय, कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि कर्ज नहीं चुकाना किसानों की आदत हो गई है।
उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के किसानों की जमीन कुर्की का आदेश भी भाजपा सरकार ने दे दिया था, जिसे कांग्रेस के दबाव में वापस लेना पड़ा। भाजपा ने 19,000 किसानों की जमीन कुर्की पर मुआवजा देने का वादा भी नहीं निभाया।
thinQ360