जयपुर, 27 जून 2024 | भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सोशल मीडिया पर जारी किए गए ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा कि मिनिमम इनकम गारंटी कानून का श्रेय लेने वाले गहलोत इस कानून को 2018 में सरकार बनने के बाद लेकर आते तो प्रदेश की जनता को इसका लाभ मिलता, लेकिन पूर्व सीएम गहलोत ने चुनावी साल 2023 में महज खानापूर्ति करते हुए कानून बनाया। इससे उनकी मंशा का पता चलता है। पूर्व सीएम गहलोत को गरीब, जरूरतमंद और आमजन की चिंता नहीं थी, उन्हें तो केवल चुनाव दिख रहा था।
ऐसे में उन्होंने चुनावी साल में कई घोषणाएं की, कई नियम बदले लेकिन इन सब के बावजूद प्रदेश की जनता ने गहलोत को आईना दिखा दिया। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने संकल्प पत्र में सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाने का वादा किया और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मात्र 6 माह के कार्यकाल में घोषणा को पूरा करने की दिशा में आज ऐतिहासिक कदम बढ़ाया।
सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के 88 लाख लाभार्थियों को नई बढ़ी हुई पेंशन की सौगात देने का काम किया है। इतना ही नहीं, भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 45 प्रतिशत वादों को पूरा करने का काम किया है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार मोदी की हर गारंटी को पूरा करने का काम कर रही है।
thinQ360