सिरोही | सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में गुरुवार को सांसद लुम्बाराम चौधरी ने सड़क सुरक्षा प्रबंधन में लापरवाही पर अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। कलेक्ट्रेट स्थित आत्मा परियोजना सभागार में आयोजित इस बैठक में सांसद ने अधिकारियों को दस्तावेजों के साथ तैयार न आने पर फटकार लगाई और सख्त निर्देश दिए कि हादसों की रोकथाम और जान-माल की सुरक्षा के लिए प्राथमिकता से कार्य किए जाएं।
नेशनल हाईवे के प्रतिनिधि की गैरमौजूदगी पर नोटिस जारी करने के निर्देश
बैठक में नेशनल हाईवे से कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा, जिस पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि फोरलेन पर अनधिकृत कट तत्काल बंद किए जाएं और ब्यावर-पिंडवाड़ा एवं आबूरोड-उदयपुर मार्ग पर गड्ढों को दुरुस्त करने का कार्य शीघ्र पूरा हो।
फोरलेन निर्माण में खामियों पर सवाल
सांसद ने फोरलेन सड़क निर्माण में खामियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं होने के कारण हर डेढ़-दो साल में मरम्मत की नौबत आती है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ता है। सांसद ने खनिजों के दोहन और इससे होने वाले पर्यावरणीय नुकसान पर भी चिंता व्यक्त की।
सर्विस रोड और जागरूकता अभियान की आवश्यकता
सांसद ने फोरलेन पर सर्विस रोड बनाने की जरूरत पर बल दिया और जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि बगैर ट्रायल लाइसेंस जारी न किए जाएं। उन्होंने 1 से 15 जनवरी तक हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता के लिए जागरूकता अभियान चलाने और स्कूल-कॉलेजों में विशेष कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।