मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश में आतंकवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति हावी थी, लेकिन 2014 के बाद से प्रधानमंत्री मोदी ने देश की दशा और दिशा बदलने का कार्य किया। उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, फसल बीमा योजना सहित कई योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में जहां भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी, वहीं आज वह चौथे स्थान पर आ गई है। यह प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के कथन "21वीं सदी भारत की होगी" का जिक्र करते हुए कहा, "तब विवेकानंद ने कहा था, आज नरेंद्र उसे साकार कर रहे हैं।"
'संकल्प से सिद्धि तक' अभियान का खाका:
मुख्यमंत्री ने बताया कि 5 जून से 25 जून 2025 तक यह अभियान चलेगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जाकर जनजागरण करना होगा।
25 जून: आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस के काले अध्याय को उजागर करने हेतु विशेष कार्यक्रम होंगे।
भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना से करती है कार्य – सीएम शर्मा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित संगठन है। पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज के हर वर्ग से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य करना होता है।
कांग्रेस का काला अध्याय उजागर करना जरूरी – मदन राठौड़
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में नए भारत के निर्माण का संकल्प लिया था और 11 वर्षों में उसे सिद्ध कर दिखाया। उन्होंने कांग्रेस के आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए कहा कि 25 जून को आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर हमें जनता को यह बताना होगा कि कैसे कांग्रेस ने संविधान की हत्या, निर्दोषों की गिरफ्तारी और चुनी हुई सरकारों की बर्खास्तगी जैसे अलोकतांत्रिक कार्य किए।
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पर्यावरण दिवस से वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाएं और जल संरक्षण के लिए सामुदायिक प्रयासों में जुटें।