सिरोही | सिरोही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में रविवार को अरावली बचाओ और मनरेगा बचाओ जन जागरण यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा माकरोडा से शुरू होकर धानता तक पहुंची जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार और पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने मुख्य नेतृत्व किया। यात्रा के समापन पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए संयम लोढ़ा ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन को तीखी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
राम झरोखा भूमि विवाद और आंदोलन की चेतावनी
संयम लोढ़ा ने कहा कि सिरोही के ऐतिहासिक राम झरोखा मंदिर की भूमि के संबंध में जारी किए गए आठ पट्टे निरस्त करने की मांग लंबे समय से लंबित है। इसके साथ ही एक निजी विद्यालय के नाम पर 99 साल की लीज देने का मसला भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार ने इन संवेदनशील मामलों पर तत्परता से कार्यवाही नहीं की तो शीघ्र ही राम झरोखा भूमि बचाओ जन जागरण यात्रा की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने भाजपा पर बेईमानी और लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन राजनीतिक दबाव में आकर इस लूट को प्रश्रय दे रहा है।