झुंझुनूं | राजस्थान की ऐतिहासिक हवेलियों और अपनी सांस्कृतिक विरासत के लिए मशहूर शेखावाटी क्षेत्र एक बार फिर बॉलीवुड की चमक से पूरी तरह सराबोर हो गया है। झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ और मंडावा की गलियों में इन दिनों मशहूर अभिनेत्री तापसी पन्नू अपनी अगली फिल्म घूंघट की शूटिंग में व्यस्त हैं। मरूधरा की सुनहली रेत और यहां की प्राचीन इमारतों के बीच फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों के बीच बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
पुलिस इंस्पेक्टर के रूप में तापसी का अवतार
फिल्म की शूटिंग के लिए नवलगढ़ के एक स्कूल में भव्य सेट तैयार किया गया है जहां तापसी पन्नू एक जांबाज पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका में नजर आ रही हैं। खाकी वर्दी में उनका सख्त और दमदार अंदाज देखकर वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया। इतना ही नहीं जब तापसी पन्नू ने कैमरे के सामने बुलेट दौड़ाई तो उनका यह स्वैग देखते ही बनता था। उनके इस नए पुलिसिया लुक की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।