नई दिल्ली | लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों को ऐलान हो चुका है और चौंकाने वाले परिणामों के बावजूद बीजेपी (BJP) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है तो एनडीए (NDA) सबसे बड़ा गठबंधन।
दोनों को उम्मीद से कम सीटें मिली, लेकिन फिर भी एनडीए (NDA) को पूर्ण बहुमत मिल गया। इससे पीएम (PM) नरेंद्र मोदी तीसरी बार सरकार तो बनाएंगे लेकिन बीजेपी (BJP) की अपने सहयोगी दलों पर निर्भरता भी बढ़ेगी। बीजेपी के सहयोगी दलों में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) भी शामिल है, जिसे बिहार में 5 सीटें मिली हैं।
वर्ष 2019 के लोकसभा में लोकजन शक्ति पार्टी का 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट (strike rate) था। इस लोकसभा चुनाव 2024 में भी लोजपा (आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने उसी तेवर को बरकरार रखा और चुनाव में 5 में से 5 सीटें जीत कर स्व रामविलास पासवान की विरासत को संभाल लिया है।
लोजपा (आर) ने हाजीपुर, जमुई, समस्तीपुर, वैशाली और खगड़िया लोकसभा का चुनाव अच्छे अंतर से जीत लिया है। बिहार के संदर्भ में नरेंद्र मोदी के 'हनुमान' चिराग पासवान का स्ट्राइक रेट (strike rate) नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव से बेहतर है।