जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के हिसार जिले के सिहाड़वा गांव का एक परिवार राजस्थान में सालासर बालाजी धाम दर्षन करने आया था।
बालाजी के धोक लगाने के बाद जब परिवार पिकअप से वापस अपने गांव लौट रहा था, तभी रात करीब एक बजे राजगढ़-चूरू हाईवे पर रतनपुरा गांव के पास उनकी पिकअप की भिड़ंत एक ट्रक से हो गई।
भिड़ंत इतनी तेज थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। ये सभी एक ही परिवार के थे।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सभी शवों को राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
जिसके बाद तीन घायलों को हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद लोग पिकअप में बुरी तरह से फंस गए।
जिसके चलते पुलिस को मृतकों और घायलों को निकालने में काफी परेशानी हुई।
बताया जा रहा है कि इस दुखदायी घटना का शिकार तीन मासूम बच्चे भी हो गए। पांच साल की सरस्वती, पांच साल की ही अंजलि और आठ साल का अंकित शामिल है।
इसके अलावा 63 साल की विमला और 60 साल के कृष्णा की भी हादसे में मौत हो गई है।