जयपुर। माइंस विभाग (Mines Department) द्वारा मानसून के दौरान राज्य के खनन क्षेत्रों व विभागीय कार्यालयों में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। माइंस सचिव आनन्दी ने बताया कि कलस्टर (cluster) आधार पर भी वृक्षारोपण करवाया जाएगा ताकि मानसून के दौरान अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण-वृक्षारोपण के साथ ही लगाये जाने वाले पौधों/वृक्षों का रखरखाव भी निश्चित हो सके।
वृक्षारोपण के दौरान छायादार व फलदार पौधें लगाने को प्राथमिकता दी जाएगी। विभागीय अधिकारी (departmental officer) स्थानीय प्रशासन व वन विभाग के अधिकारियों से साझेदारी बनाते हुए पौधे प्राप्त कर सामूहिक वृक्षारोपण करवाएंगे।
आनन्दी ने बताया कि खनन क्षेत्र (mining sector) में इस मानसून सीजन में लगभग पांच लाख से अधिक पौधे लगाये जाएंगे। वृक्षारोपण कार्य के लिए सभी विभागीय कार्यालयों में एक-एक अधिकारी को इस कार्य के देखरेख की जिम्मेदारी दी जाएगी वहीं मुख्यालय स्तर पर अतिरिक्त निदेशक पर्यावरण एवं विकास दीपक तंवर निगरानी (monitoring) करेंगे।
खान सचिव द्वारा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों (senior officers) की बैठक में आवश्यक दिशानिर्देश दे दिए गए हैं। वृक्षारोपण कार्यक्रम में माइंसधारकों (mineholders) की भूमिका व सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।