कोटा | एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट को कौन नहीं जानता। इसने एक और पहचान हासिल की है, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में धमाकेदारी एंट्री लेकर। कॅरियर सिटी कोटा में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट का जोरदार परिचय एक बार फिर से इस विश्व कीर्तिमान की बदौलत प्रमाणित हुआ है।
एक शहर में, एक ही संस्थान में सर्वाधिक विद्यार्थियों की संख्या के रिकॉर्ड को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करते हुए एलन कोचिंग के नाम यह कीर्तिमान दर्ज हुआ है।
इस आशय का प्रमाण पत्र जारी होने के बाद विमोचन बुधवार को एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के संस्थापक निदेशक राजेश माहेश्वरी की ओर से संकल्प कैम्पस में किया गया।
इस मौके पर सम्बोधित करते हुए माहेश्वरी ने कहा कि एलन ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है और एक शहर ‘कोटा‘ के एक ही संस्थान में सबसे अधिक विद्यार्थियों की संख्या का नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है।
उन्होंने बताया कि सत्र 2022-23 में 1 लाख 27 हजार 764 क्लासरूम स्टूडेंट्स का रजिस्ट्रेशन हुआ है। इससे पहले 2014 में लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड ने एलन के ही कोटा में 66504 स्टूडेंट्स के रिकॉर्ड को राष्ट्रीय कीर्तिमान में दर्ज किया था।
