बीकानेर | राजस्थान में आगामी पंचायत राज चुनावों से पहले बीकानेर जिले में पंचायत पुनर्गठन और परिसीमन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य सरकार द्वारा किए गए नए परिसीमन के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़े स्तर पर शक्ति प्रदर्शन की घोषणा की है। देहात कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के जरिए सरकार के फैसलों को चुनौती दी जाएगी।
बिश्नोई धर्मशाला से कलेक्ट्रेट तक मार्च
देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने बताया कि इस आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जिले भर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सुबह 11 बजे बिश्नोई धर्मशाला में एकत्रित होंगे। यहाँ से एक विशाल आक्रोश मार्च निकाला जाएगा जो कलेक्ट्रेट तक पहुंचेगा। कांग्रेस का आरोप है कि नोखा, लूणकरनसर, श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला और पूगल जैसी महत्वपूर्ण पंचायत समितियों में परिसीमन के नाम पर भारी तोड़फोड़ की गई है, जिससे प्रशासनिक ढांचा प्रभावित हुआ है।