नई दिल्ली | नए साल के स्वागत के साथ ही 1 जनवरी की पहली सुबह देश के नागरिकों के लिए महंगाई का संदेश लेकर आई है। जश्न की खुशियों के बीच केंद्र सरकार और तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। यह वृद्धि 10 या 20 रुपये की मामूली बढ़ोतरी नहीं बल्कि सीधे 111 रुपये की भारी वृद्धि है जिससे बाजार में हलचल मच गई है। इस फैसले का सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट के किचन बजट पर पड़ेगा जिससे बाहर खाना खाना अब काफी महंगा हो सकता है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई दरें
देश की प्रमुख सरकारी तेल विपणन कंपनियों जैसे IOC, HPCL और BPCL ने मार्केट में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया है। इन सिलेंडरों का उपयोग मुख्य रूप से रेस्टोरेंट, होटल, ढाबों, शादियों और विभिन्न पार्टियों जैसी व्यावसायिक जगहों पर किया जाता है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में पहले इस सिलेंडर की कीमत लगभग 1608.50 रुपये के आसपास थी जो अब बढ़कर 1691.50 रुपये हो गई है। ये नई दरें 1 जनवरी 2026 से पूरे देश में लागू कर दी गई हैं। गौरतलब है कि इससे ठीक एक महीने पहले यानी दिसंबर में इसके दाम में 10 रुपये की मामूली कमी की गई थी जिससे लोगों को राहत की उम्मीद थी।