जालोर | जालोर जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गृहमंत्री का पुतला फूंका और उनसे माफी की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष भवरलाल मेघवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अमित शाह ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने लगाए आरोप
जिला कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने कहा कि "केंद्रीय गृहमंत्री ने डॉ. अंबेडकर का अपमान किया और इसके बाद कांग्रेस सांसदों को संसद में घुसने से रोका गया। उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। राहुल गांधी के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराकर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।"
संविधान विरोधी बताया भाजपा सरकार को
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।