सिरोही | जिला परिषद सदस्य भी अब ठेकेदार बन कर ग्राम पंचायतों में ठेकेदारी कर रहे हैं। जिले की कई ग्राम पंचायतों में ये अपना रसूख दिखाकर ठेके आवंटित करवा रहे हैं। कम से कम तीन वर्षों से तो यहीं चल रहा है। जिला परिषद सदस्यों की ठेकेदारी के मामले में मुख्य कार्यकारी अधिकारी तक भी शिकायत पहुंच चुकी है। लेकिन अभी तक जांच होने का ही हवाला दिया जा रहा है। वैसे न तो कोई जांच हुई है और न ही इन जिला परिषद सदस्यों की ठेकेदारी पर अभी कोई आंच आई है।

खुद के नाम से खोल रखी है फर्म
जिला परिषद के दो सदस्य अर्जुनराम भील व मगनलाल कोली पर ठेकेदारी का आरोप है। दोनों ही सदस्यों ने अपने नाम से ठेकेदारी फर्म खोल रखी है, जिसके जरिए ये ग्राम पंचायतों में ठेके आवंटित करवा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले तीन वर्षों से तो ये लोग लगातार ठेके ले रहे हैं।
