जोधपुर | वीर दुर्गादास राठौड़ की 386 वीं जयन्ती पर वीर दुर्गा दास राठौड़ स्मृति समिति के तत्वावधान में रविवार, 18 अगस्त को प्रातः 8:45 बजे जोधपुर के डॉ एस एन मेडिकल कॉलेज सभागार में मुख्य समारोह व पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया। इससे पूर्व प्रातः 8 बजे मसूरिया पहाड़ी स्थित वीर दुर्गा दास राठौड़ स्मारक स्थल पर पूजा अर्चना व पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि व विधिक एवं न्याय मंत्री जोगा राम पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि वीर दुर्गादास राठौड़ स्वामीभक्ति व मातृभूमि को संरक्षित करने का इतिहास में सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। उनकी त्याग, तपस्या व स्वामीभक्ति आज की पीढी के लिए प्रेरणा का स्रोत है । उन्होंने अनगिनत दुःख व कष्ट सह कर विषम परिस्थितियों में स्वामी भक्ति का परिचय दिया । पटेल ने कहा कि वीर दुर्गादास स्मृति समिति, पूर्व नरेश गज सिंह के संरक्षण में वर्षों से बेहतर कार्य कर रही है । उन्होंने इस अवसर पर सम्मानित हुई प्रतिभाओं को बधाई दी।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए पूर्व नरेश गज सिंह ने कहा कि वीर दुर्गादास राठौड़ के शौर्य,स्वामि भक्ति व जोधपुर राज्य के लिए किए गए त्याग व संघर्ष को हमेशा याद रखा जाएगा । उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित एक पेड़ माँ के नाम अभियान चला कर देश भर में पौधारोपण किया जा रहा है।

