जयपुर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षकों की भर्ती होगी और प्रदेशवासियों को विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की शिकायत नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 20000 नए शिक्षकों की नियुक्ति की है। जो नियुक्तियां अटकी हुई हैं उनमें बाधाओं को दूर कर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने जनवरी के प्रथम सप्ताह में रीट के आयोजन की भी घोषणा की।

दिलावर गुरुवार ने गुरूवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट, कोटा के नवीन भवन के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह के बाद 50 नए प्राथमिक विद्यालय खोलने एवं 100 विद्यालयों को क्रमोन्न्त करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक ही दिन में 60000 पात्र छात्राओं को टैबलेट दिए गए एवं विभिन्न पदों पर डीपीसी कर शिक्षकों को प्रमोशन दिए गए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही योग शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कोटा में बनने वाले नवीन डाईट भवन को मॉडल डाइट बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि यहां एमएड एवं पीएचडी योग्यता धारी प्रशिक्षक ही लगाए लगाए जाएंगे। डाइट के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षक आदर्श शिक्षक बने, राज्य सरकार का यही प्रयास है। उन्होंने बच्चों में किताबी ज्ञान के साथ-साथ अच्छे संस्कार देने पर भी जोर दिया और प्रशिक्षकों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन एवं व्यवहार के माध्यम से आदर्श प्रस्तुत करें।