जयपुर। ऊर्जा एवं टोंक जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर गुरुवार को टोंक जिले के उनियारा उपखंड के दौरे पर रहे। जहां उन्होंने ग्राम पंचायत रूपवास, बनेठा, रूपपुरा और सुरेली में जिला परिषद मद से 1 करोड़ 18 लाख की राशि से स्वीकृत कुल 23 विविध विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर आमजन को सौगात दी।
साथ ही, जनसुनवाई कर ग्रामीणों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर टोंक जिला प्रमुख सरोज बंसल समेत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हर वर्ग के लोगों के विकास के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि देश में मजदूर, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान को केंद्र में रखकर योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, इसलिए देवली-उनियारा क्षेत्र के विकास में भी केंद्र व राज्य सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
नागर ने कहा कि 10 वर्ष पूर्व देश में प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन को जन आंदोलन बनाया। लाखों शौचालयों का निर्माण होने से खुले में शौच से मुक्ति मिली। सबका साथ सबका विकास के तहत ग्राम पंचायतों के चहुंमुखी विकास के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में योजनाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।