कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने आज विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ पर अपने ट्विटर हैंडल से जबरदस्त हमला कर दिया जिसके पलटवार में राजेन्द्र राठौड़ ने उन्हें नाथी का बाड़ा याद दिला दिया.
देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच छिड़ी इस ट्विटर जंग में उनके समर्थक भी कूद गए और पक्ष विपक्ष में प्रतिक्रियाओ की बाढ़ आ गई.
गोविन्द सिंह डोटासरा ने आज एक ट्वीट के जरिए राजेन्द्र राठौड़ को निशाना बनाया. मामला एक वीडियो को लेकर था जो अजय चौधरी नाम के ट्वीटर हैंडल से पोस्ट किया गया था.इस वीडियो में बाइक पर बैठे एक ट्रेफिक पुलिस वाले को लोगों ने घेर रखा है.
वीडियो में पुलिस वाला रो रहा है और शिकायत कर रहा है कि कोई व्यक्ति उन्हें मंत्री के नाम से परेशान कर रहा है और कह रहा है कि मंत्री जी की कोठी पर आ जाना.