जयपुर | Rajasthan Weather Update: राजस्थान में इस बार प्रदेशवासियों को अभी तक लू के थपेड़ों का अहसास नहीं हुआ है। मई का महीना समाप्ति की और है और मौसम में बार-बार ठंडक घुल रही है।
प्रदेश में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ गया। जिसके चलते बुधवार को कई इलाकों में लोगों को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा है। राजसमंद के आमेट में बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी एक बार फिर से सटीक साबित हुई है। प्रदेश के कोटा, अजमेर, जयपुर और उदयपुर संभाग के कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश ने बढ़ते तापमान पर रोक लगा दी है।
इसी के साथ बारां जिले में तो ओले भी गिरे हैं। वहीं झालावाड़ में बिजली गिरने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया है। युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।