जयपुर । मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के वर्चुअली संवाद कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत लाभार्थियों को राशि हस्तांरण व गृह प्रवेश के लिए कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर की अध्यक्षता में टोंक जिले के कृषि ऑडिटोरियम में हुआ।

इस अवसर पर टोंक जिला प्रभारी मंत्री नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विगत 10 वर्षों में करोड़ों लोगों के घर का सपना पूरा हुआ है। देश के हर गरीब को पक्का मकान देने के संकल्प एवं जन-जन की भागीदारी से 3 करोड़ से अधिक घरों का निर्माण संभव हो पाया है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सस्ते और उचित आवास उपलब्ध कराना है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के 20 लाभार्थियों को गृह प्रवेश के लिए प्रतीक स्वरूप आवास की चाबी सौंपी तथा 20 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नवीन आवास की स्वीकृति के प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2024-25 में जिले के कुल लक्ष्य 5 हजार 112 के विरूद्ध 4 हजार 812 आवास स्वीकृत हो चुके है। शेष आवासों की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।