दो महिलाओं की मौके पर मौत
इस दर्दनाक हादसे में शहर के तासखाना बावड़ी निवासी बदामी (50) पत्नी सुजाराम भील और गुगी देवी (45) पत्नी भंवरलाल भील की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। उनके परिवारों में मातम पसर गया है।

घायलों का इलाज जारी, बच्चा पाली रेफर
हादसे में तासखाना बावड़ी निवासी इंद्रा (45) पुत्री विरमाराम भील, उनका 3 वर्षीय बेटा धीरज कुमार पुत्र विरमाराम और लीला (48) पुत्र फूटरमल गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी को तुरंत एम्बुलेंस की सहायता से जालोर के सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां धीरज कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पाली रेफर कर दिया गया। लीला देवी और इंद्रा देवी का जालोर के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी श्रमिक नरेगा स्थल के पास स्थित बाबा रामदेव जी महाराज के मंदिर में भोजन करने के बाद काम पर लौट रही थीं। वे अपना सामान नीम के पेड़ के पास रखने आई थीं, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उच्चाधिकारी पहुंचे घटनास्थल व अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही जालोर डीएसपी गौतम जैन और कोतवाल रामेश्वर लाल मौके पर पहुंचे। इसके बाद जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के गवांडे और तहसीलदार रणवीर सिंह भी अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। प्रशासन ने पीड़ितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।