thinQ360
thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 🌺 ज़िंदगानी 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 💡 मनचाही ▶️ YouTube
राजस्थान

जोधपुर में इनकम टैक्स की रेड के दौरान व्यापारी को आया हार्ट अटैक, एम्स में भर्ती, कार्रवाई रुकी

desk desk 49

जोधपुर में आयकर छापे के तीसरे दिन घी-तेल कारोबारी घनश्याम सोनी की तबीयत बिगड़ी, हार्ट में स्टेंट डाला गया। टीम ने कार्रवाई रोक अलमारी सीज की।

HIGHLIGHTS

  1. 1 जोधपुर में आयकर विभाग की छापेमारी के बीच व्यापारी की तबीयत बिगड़ी। व्यापारी के हार्ट में स्टेंट डाला गया, फिलहाल हालत में सुधार। आयकर टीम ने घर पर पीओ जारी कर अलमारी सीज की।
jodhpur income tax raid businessman heart attack malani group

जोधपुर | राजस्थान के जोधपुर में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई के बीच एक गंभीर मामला सामने आया है। शहर के प्रमुख घी-तेल व्यापारी और मालानी ग्रुप के संचालक घनश्याम सोनी के ठिकानों पर जारी आयकर छापे के तीसरे दिन व्यापारी को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आनन-फानन में जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी कर हार्ट में स्टेंट डाला गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने गुरुवार 15 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर और धौलपुर में एक साथ छापेमारी शुरू की थी। जोधपुर में शास्त्रीनगर और बासनी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ठिकानों पर जांच चल रही थी। शनिवार 17 जनवरी को कार्रवाई के तीसरे दिन व्यापारी के सीने में तेज दर्द शुरू हुआ। आयकर अधिकारियों ने मानवीय आधार पर तुरंत कार्रवाई रोकी और उन्हें पहले निजी अस्पताल और फिर एम्स ले गए।

कार्रवाई स्थगित, अलमारी सीज

व्यापारी की गंभीर स्थिति और परिजनों की परेशानी को देखते हुए आयकर विभाग की टीम ने फिलहाल तलाशी अभियान रोक दिया है। हालांकि, टीम ने जाते समय शास्त्रीनगर स्थित निवास पर एक प्रोहिबिटरी ऑर्डर यानी पीओ जारी किया है। इसके तहत घर की एक मुख्य अलमारी को सीज कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इस अलमारी में महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलें, नकदी और सोना-चांदी रखे हुए हैं।

आयकर विभाग के पास अगले 60 दिनों के भीतर कभी भी दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने का अधिकार सुरक्षित है। वर्तमान में विभाग की टीम जोधपुर से रवाना हो चुकी है।

करोड़ों की टैक्स चोरी का इनपुट

यह पूरी कार्रवाई टैक्स चोरी के पुख्ता इनपुट के आधार पर की गई थी। अधिकारियों को डेयरी प्रोडक्ट्स और घी-तेल के कारोबार में अघोषित आय और बड़े पैमाने पर वित्तीय हेरफेर के संकेत मिले थे। एम्स प्रशासन के अनुसार, व्यापारी की हालत अब स्थिर बनी हुई है और वे डॉक्टरों की सघन निगरानी में हैं। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय व्यापारिक संगठनों ने भी चिंता व्यक्त की है।

शेयर करें: